सीमावर्ती वाइब्रेंट विलेजों में एसएसबी का जनकल्याण अभियान

पीलीभीत, सोमवार क 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पीलीभीत की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेजों में नागरिक कल्याण एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही एसएसबी एवं स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

इसी क्रम में सीमा क्षेत्र कमलापुरी के वाइब्रेंट विलेज कमलापुरी कॉलोनी में पिछले 15 दिनों से संचालित बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 30 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं एवं ग्रामीणों को कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी देकर उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था।

इसके अलावा सीमा क्षेत्र बीपी नंबर-17 के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। वहीं सीमा चौकी कमलापुरी के कार्यक्षेत्र में स्थित वाइब्रेंट विलेज कमलापुरी कॉलोनी में मेडिकल कैंप लगाया गया। शिविर के दौरान स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार 94 लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

एसएसबी द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों से सीमावर्ती ग्रामीणों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिला। साथ ही ग्रामीणों और सुरक्षा बल के बीच संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देने में भी इन कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर सीमावर्ती ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सीमावर्ती क्षेत्र के विकास और जनसरोकारों से जोड़ने वाली सकारात्मक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!