ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत /
पीलीभीत।जनपद के थाना गजरौला क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की जा रही है। गांव बिठौरा कला में एक अज्ञात कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार गजरौला निवासी राजेश पुत्र श्याम चरन अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव बिठौरा कला के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गजरौला में तैनात एसएसआई मोहम्मद आरिफ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ दरोगा रिजवान सिंह, दरोगा सुनील कुमार तथा सरकारी वाहन के चालक सुरेंद्र सिंह यादव भी मौजूद थे। पुलिस टीम ने बिना देर किए घायल युवक को थाने की सरकारी गाड़ी से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
इस दौरान बिठौरा कला के क्षेत्र पंचायत पति जसपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में गजरौला पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाने से घायल की जान बचाने में मदद मिली। वहीं पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुट गई है।
