संवाददाता धर्मपाल सिंह, अरुण वर्मा
पीलीभीत। जनपद के पूरनपुर और कलीनगर क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।

पूरनपुर स्थित ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम हाफिज मोहम्मद सलीम ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद हजारों हाथ दुआ के लिए उठे और लोगों ने देश में अमन, शांति और खुशहाली की कामना की। नमाज से पहले हाफिज नूर अहमद अज़हरी ने तकरीर करते हुए कहा कि ईद की असली खुशी तभी है जब हम जरूरतमंदों को भी अपनी खुशियों में शामिल करें।
इस मौके पर ईदगाह परिसर में नगर पालिका की ओर से ईद मिलन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका कर्मियों के साथ मुन्ने मियां अंजाना, हाजी लड्ले, वार्ड सभासद मो. हनीफ, मो. शारिक, एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, सीओ प्रतीक दहिया और कोतवाल पवन कुमार पांडेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं कलीनगर क्षेत्र के ईदगाह में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी और घर-घर जाकर सिवइयां व मिठाइयां खिलाकर खुशियां बांटीं।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश भारती और बहुजन समाज के वरिष्ठ नेता देव स्वरुप आर्या ने भी क्षेत्रवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। ईदगाह के बाहर लगे मेले में बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां खिलौनों और खाने-पीने की दुकानों पर भीड़ रही।
दोनों स्थानों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और खुशियों के साथ मनाया गया।
