संवाददाता:- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- दिनांक 30 मार्च 2026 को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की उड़ीसा सरकार द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में जनपद पीलीभीत में किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में भाकियू कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार पर किसानों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से अनावश्यक और लोकतंत्र के खिलाफ है।जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने तत्काल सभी गिरफ्तार किसान नेताओं को रिहा नहीं किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान अपने अधिकारों के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं। धरना प्रदर्शन के उपरांत किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार पीलीभीत को सौंपा, जिसमें गिरफ्तारी को निरस्त कर किसानों की आवाज का सम्मान करने की मांग की गई।इस मौके पर युवा जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह, यशपाल सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) दशरथ सिंह, भारत सिंह, अमित गंगवार, जिला उपाध्यक्ष गुरजीत सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विनय सिंह, सोनू शाह, जिला सचिव अलाउद्दीन, नगर उपाध्यक्ष बंटी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान “जय जवान, जय किसान” और “जय टिकैत” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
