संवाददाता:- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- तहसील कलीनगर क्षेत्र के ग्राम जमुनिया खास में आस्था और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ यशवंत्री देवी की भव्य पदयात्रा कल बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ पीलीभीत के लिए प्रस्थान करेगी। पदयात्रा को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।बताया जा रहा है कि यह पदयात्रा वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माँ यशवंत्री देवी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। पदयात्रा में शामिल भक्त भजन-कीर्तन करते हुए, जयकारों के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय माहौल में बदल देते हैं।गांव के प्रमुख श्रद्धालु सर्वेश यादव, राजू वर्मा, अंकित वर्मा, आदित्य वर्मा, महेंद्र वर्मा, हरिबाबू वर्मा, छोटे लाल, जितेंद्र वर्मा समेत दर्जनों भक्त पदयात्रा की तैयारियों में दिन-रात जुटे हुए हैं। सभी लोग मिलकर यात्रा को सफल और भव्य बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। रास्ते में भक्तों के लिए जलपान, सुरक्षा और विश्राम की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यह पदयात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है, जिसमें हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस यात्रा को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।कल प्रातः शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पदयात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान गांव में मेले जैसा माहौल रहने की संभावना है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ का आशीर्वाद लेने के लिए एकत्र होंगे।
