इंद्रजीत सिंह राजपूत कार्यालय टीवी 1 न्यूज़ नेटवर्क
पीलीभीत।पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा के निर्देश पर थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम बिठौरा कला में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह के अनुमोदन से आयोजित हुआ, जिसमें गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

शिविर के दौरान महिला उपनिरीक्षक रीना सिंह ने उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं अपने जीवन को बेहतर बना सकती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं को मिशन शक्ति, महिला सहायता नंबर, महिला सहायता कक्ष तथा अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से तुरंत संपर्क करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

महिला उपनिरीक्षक ने महिलाओं को बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, समाज में जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिलाओं ने योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
इस जागरूकता शिविर में दरोगा रिजवान सिंह, वाहन चालक सुरेंद्र सिंह यादव तथा थाना गजरौला के अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

शिविर में उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे महिलाएं और अधिक सशक्त बन सकती हैं।
