गेहूँ खरीद ठप, किसानों में उबाल — भाकियू अराजनैतिक ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता :- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- आज दिनांक 04/04/2026 को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) जनपद पीलीभीत के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने गेहूँ किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।ज्ञापन में बताया गया कि जनपद पीलीभीत में गेहूँ खरीद को लेकर हालात बेहद चिंताजनक हैं। जिला प्रशासन की उदासीनता के चलते सरकारी गेहूँ खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और कहीं भी खरीद शुरू नहीं हो पाई है, जबकि खेतों में गेहूँ की कटाई जोरों पर है। ऐसे में मजबूर किसान अपनी उपज आढ़तियों, नकली बीज संयंत्रों और खाद्यान्न माफियाओं के हाथों औने-पौने दाम पर बेचने को विवश हैं। जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने तत्काल सभी खरीद केंद्रों पर गेहूँ खरीद शुरू नहीं कराई, तो किसानों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।इसके साथ ही ज्ञापन में पूरनपुर और कलीनगर तहसील क्षेत्र में हर वर्ष होने वाली आगजनी की घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि इन घटनाओं में हजारों हेक्टेयर फसल जलकर राख हो जाती है, जिससे किसानों और आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। किसानों ने मांग की कि पूरनपुर में जल्द से जल्द फायर स्टेशन का निर्माण कराया जाए। जब तक फायर स्टेशन नहीं बनता, तब तक अप्रैल और मई माह के दौरान दोनों तहसील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आग लगने की घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान नेता बलजीत सिंह चीमा, सर्वेश कुमार वर्मा, निर्मल सिंह, बालकराम वर्मा सहित कई किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!