संवाददाता:- tv 1 न्यूज़ नेटवर्क

पीलीभीत/नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में कार के बैरियर तोड़कर घुसने की घटना के बाद जांच में चौंकाने वाला पीलीभीत कनेक्शन सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी एक लापता ITI छात्र से जुड़ती हुई दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत निवासी सरबजीत सिंह का भांजा हरमंदीप (पुत्र हरप्रीत सिंह), जो दिल्ली में ITI की पढ़ाई कर रहा था, 1 अप्रैल से अचानक लापता है। परिजनों द्वारा उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन नग्गलपुर, जिला आनंदपुर के पास मिली थी, जिसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है। परिजनों के अनुसार, सरबजीत सिंह अपने भांजे के लापता होने के बाद से काफी मानसिक तनाव में थे। पुलिस की कथित उदासीनता से नाराज़ होकर वह अपनी शिकायत उच्च स्तर तक ले जाने की बात भी कर रहे थे। इसी बीच उनका नाम दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा घेरा तोड़कर घुसी कार की घटना में सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। सरबजीत सिंह के भाई अवतार सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से अपने भांजे की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे और इस घटना से बेहद परेशान थे। उन्होंने कहा कि संभवतः इसी मानसिक तनाव के चलते यह घटना हुई। अवतार सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका परिवार सरकार और पुलिस के साथ है तथा जांच में पूरा सहयोग करेगा। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां दिल्ली विधानसभा की घटना और ITI छात्र की गुमशुदगी के बीच संभावित संबंध को लेकर हर पहलू से जांच कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
