तहसील संवाददाता:- अजीम मिर्जा

पीलीभीत। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हजारा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और उसके भाई के साथ मारपीट का है, जिसने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था।पुलिस के अनुसार, ग्राम सिद्धनगर निवासी रोहित सैनी अपनी मां का इलाज कराने के लिए अपनी 16 वर्षीय बहन के साथ खजुरिया, थाना संपूर्णानगर (जिला खीरी) गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद गांव शास्त्रीनगर निवासी कुछ युवकों—दिनेश, शनि उर्फ सन्नी, दयानंद और निरंजन—ने किशोरी के साथ अभद्रता शुरू कर दी।जब रोहित सैनी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन आरोपियों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका।बताया जा रहा है कि अगले दिन सभी आरोपी रोहित के घर जा पहुंचे और उसकी बहन का नाम लेकर जोर-जोर से आवाज लगाने लगे। जब परिवार के लोग बाहर आए, तो शनि उर्फ सन्नी ने किशोरी का हाथ पकड़ लिया और उसे व उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से परिवार दहशत में आ गया।पीड़ित की तहरीर पर थाना हजारा में मुकदमा संख्या 40/2026 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों नामजद आरोपियों—दिनेश पुत्र सोमनाथ (24 वर्ष)शनि उर्फ सन्नी पुत्र बालकिशन (19 वर्ष)दयानंद पुत्र श्रीकृष्ण (25 वर्ष)निरंजन कुमार पुत्र विजय कुमार (24 वर्ष)सभी निवासी ग्राम शास्त्रीनगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत—को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, वहीं इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
