संवाददाता:- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत/माधौटांडा:- तहसील कलीनगर क्षेत्र के माधौटांडा में गोमती नदी की अविरल धारा को पुनः प्रवाहित करने के उद्देश्य से 47.2 किलोमीटर लंबे पुनरुद्धार कार्य का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ कार्य की शुरुआत की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बाबूराम पासवान ने विधिवत पूजा कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारम्भ किया।
उन्होंने कहा कि गोमती की अविरल और निर्मल धारा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इस पुनरुद्धार कार्य से नदी को नया जीवन मिलेगा, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में बड़ी राहत मिलेगी।परियोजना के अंतर्गत जनपद की 16 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा। नदी के पुनर्जीवन से भूजल स्तर में सुधार होगा, पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और ग्रामीणों की आजीविका पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह, एसडीएम कलीनगर, मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा हेमंत यादव, गोमती ट्रस्ट के निर्भय सिंह, योगेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गोमती की अविरल धारा बनाए रखना सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
