शेरपुर कला में हड़कंप: बाग में फंदे से लटका मिला युवक दानिश, सुबह घर से दुकान के लिए निकला था

पूरनपुर संवाददाता:- अजीम मिर्जा

पूरनपुर (पीलीभीत):- थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर कला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाग में फांसी के फंदे से लटका मिला मृतक की पहचान दानिश पुत्र शनि निवासी मोहल्ला बढ़िया के रूप में हुई है, जो अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।बताया जा रहा है कि दानिश 22 तारीख की सुबह रोज की तरह घर से यह कहकर निकला था कि वह दुकान पर काम के लिए जा रहा है, लेकिन काफी देर तक दुकान नहीं पहुंचा।

जब दुकान से घर पर फोन किया गया तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।इसी बीच गांव के ‘कलम वाला बाग’ में एक युवक के फंदे से लटकने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दानिश के रूप में की। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे आत्महत्या के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!