संवाददाता अभिषेक नायक की रिपोर्ट
शाहजहांपुर। जनपद में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर एक प्रकरण में न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी आयुषव कुमार ने वर्ष 2021 में अपनी मेहनत की कमाई से एक व्यक्ति को ₹5,50,000 उधार दिए थे। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर विपक्षी द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही। पीड़ित ने कई बार थाना कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मामले में गंभीर आरोप यह भी लगाया गया है कि 18 अप्रैल 2026 को हेड कांस्टेबल हेमंत कुमार द्वारा पीड़ित को थाने बुलाया गया, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और दबाव बनाकर जबरन हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही विपक्षी पक्ष द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने से पीड़ित मानसिक तनाव में है।
हिंदू युवा वाहिनी ने इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि यदि एक सामाजिक संगठन से जुड़े व्यक्ति के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम जनता की स्थिति सहज ही समझी जा सकती है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित को उसकी ₹5,50,000 की रकम वापस दिलाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
