संवाददाता:- धर्मपाल सिंह, अरुन वर्मा

पीलीभीत:- नगर पंचायत कलींनगर के चांदपुर रोड स्थित श्मशान घाट के पास ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। यहां नाला निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खोदी गई मिट्टी को श्मशान घाट की भूमि पर ही ढेर कर दिया गया, लेकिन उसे समतल कराने की जहमत तक नहीं उठाई गई परिणामस्वरूप श्मशान घाट परिसर में जगह-जगह मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं और चारों ओर गंदगी फैल गई है। अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को इस अव्यवस्था के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल बन गया है।इस गंभीर समस्या को लेकर सीएन यादव ने कलींनगर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र सौंपते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की लापरवाही न केवल असुविधा पैदा कर रही है, बल्कि लोगों की भावनाओं को भी आहत कर रही है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तेजी से संज्ञान लेकर व्यवस्था को दुरुस्त करता है या फिर लोगों को यूं ही परेशान होना पड़ेगा।
