अंतिम संस्कार के बाद पानी के लिए भटकते लोग, तालाब किनारे लगा हैंडपंप खराब

संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- जिले के पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत खासपुर में श्मशान घाट के पास लगा सरकारी हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है। सरकार द्वारा पंचायतों में हैंडपंप मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है।ग्रामीणों के मुताबिक श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के बाद लोग परंपरा अनुसार इसी हैंडपंप पर पानी चढ़ाने और हाथ-मुंह धोने पहुंचते हैं, लेकिन हैंडपंप खराब होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इतना ही नहीं, अंत्येष्टि स्थल के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि श्मशान घाट परिसर में उपले थोपने वालों ने भी कब्जा कर रखा है, जिससे वहां आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों और ग्राम पंचायत का इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं है। लोगों ने खराब पड़े हैंडपंप की जल्द मरम्मत कराने, श्मशान घाट की साफ-सफाई कराने और अवैध कब्जों को हटाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!