बाल श्रम राष्ट्रीय लोक अदालत एवं सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
राकेश बाबू

पीलीभीत। ब्लॉक ललौरीखेड़ा के ग्राम भूडा विक्रमपुर में मंगलवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी ) मनोज कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान जागृति यूनिट, बाल श्रम उन्मूलन, जनसंख्या नियंत्रण, राष्ट्रीय लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता केंद्र, क्षतिपूर्ति योजना तथा विशेष लोक अदालत के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।
मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय प्राप्ति के सरल उपायों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद लोग इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने कानूनी विषयों से जुड़े अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी से कानून का पालन करने, बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों का विरोध करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
