राकेश बाबू /
पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के बंगाली समाज ने सरकारी विद्यालयों में बांग्ला भाषा के शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद को एक ज्ञापन प्रेषित किया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में लगभग ढाई लाख की बंगाली आबादी निवास करती है। इसके बावजूद बंगाली बाहुल्य क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में बांग्ला भाषा के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे समाज के बच्चे अपनी मातृभाषा के अध्ययन से वंचित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बांग्ला भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए विद्यालयों में बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है। साथ ही नई शिक्षा नीति में भी मातृभाषा और स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है।
भाजपा के जिला महामंत्री महादेव गाईन ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के बंगाली बाहुल्य सरकारी विद्यालयों में बांग्ला भाषा के शिक्षकों के नए पद सृजित कर शीघ्र नियुक्ति कराई जाए, ताकि बच्चों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके और उनकी सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रह सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी, जिससे क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों और पूरे बंगाली समाज को लाभ मिलेगा।
