एसपी के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष अभियान, चार थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
रिपोर्ट इंद्रजीत सिंह राजपूत
पीलीभीत। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीलीभीत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 44 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए न्यायालय से जारी वारंटों का त्वरित निष्पादन कराया।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 26 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अभियान का उद्देश्य फरार एवं वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।

अभियान में थाना कोतवाली पुलिस ने 14, थाना माधोटांडा पुलिस ने 11, थाना न्यूरिया पुलिस ने 10 तथा थाना गजरौला पुलिस ने 9 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर यह कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध निष्पादन तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अपराधियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
