पूरनपुर सवाददाता अज़ीम मिर्जा की रिपोर्ट
पूरनपुर (पीलीभीत)। धनाराघाट रोड स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात्रि लगभग 9:15 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, वीर गुप्ता पुत्र प्रार्थी सोमवार की रात पैदल अपने चाचा सुनील गुप्ता के घर जा रहा था। जैसे ही वह कारगिल पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही सेलेरियो बीएक्सआई कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP26W6442) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में वीर गुप्ता के सिर, पैरों एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना को मौके पर मौजूद कई लोगों ने देखा, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया और घायल को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल पूरनपुर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि स्थिति में सुधार न होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए धनवंतरी अस्पताल, पीलीभीत ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
