रिपोर्ट राकेश बाबू /
पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के कंजा हरैया स्थित संजय गांधी मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पीलीभीत द्वारा “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0” के अंतर्गत विधिक जागरूकता एवं विश्व स्तनपान सप्ताह पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पीलीभीत अरुण क्रांति यशोदास ने की। इस दौरान छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों एवं उपस्थित नागरिकों को मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त सिविल मामलों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण की जानकारी दी गईसिविल
सीनियर डिवीजन के जज अरुण क्रांति यशोदास ने संबोधन ने कहा किसी व्यक्ति का मामला न्यायालय में लंबित है तो वह अपने न्यायालय के माध्यम से मध्यस्थता का अनुरोध कर सकता है। प्रशिक्षित मध्यस्थों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मध्यस्थता कराई जाती है। सफल मध्यस्थता होने पर दोनों पक्षों की सहमति से न्यायालय में वाद का निस्तारण कर दिया जाता है, जबकि असफल होने पर मुकदमे पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। बेटियों को पढ़ना चाहिए। बेटियां आज सभी विभागों में कार्यरत है

कार्यक्रम में विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को मां का पहला दूध पिलाना अत्यंत आवश्यक है तथा जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही शिशु के लिए सर्वोत्तम आहार है।
साथ ही मातृ एवं शिशु अधिकारों तथा उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मध्यस्थता प्रक्रिया का लाभ उठाने तथा विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा (पीएलवी) ने किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से विधिक सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर स्टाफ नर्स सुरभि, डॉ. निशा, रीना (एसआई), सियाराम (LADCS), सुमन गुप्ता (LADCS), ग्राम प्रशासक नीतू मित्रा, प्रधानाचार्य विश्वजीत मंडल, राजस्व निरीक्षक राकेश शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल अनवर अली, ग्राम विकास अधिकारी विकास पांडे, छात्राएं एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
