बदायूं मे वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा का संदेश

बदायूं/सहसवान। मोहल्ला नवादा में इस्लाहुल मुस्लिमीन एजूकेशन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 108वें उर्स-ए-आला हजरत के अवसर पर ‘आला हजरत फाजिल-ए-बरेलवी’ के नाम से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद महफिल का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मानव सेवा, राष्ट्र सेवा, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कारी अब्दुल हादी ने तिलावत-ए-कलाम-ए-पाक और हम्द-ओ-सना से की। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सोसाइटी अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य हाफिज इरफान ने कहा कि पौधारोपण सदका-ए-जारिया है। पेड़-पौधों की हरियाली से पर्यावरण सुरक्षित रहने के साथ प्राकृतिक सुंदरता भी बनी रहती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

महफिल को संबोधित करते हुए हाफिज इरफान ने आला हजरत इमाम अहमद रजा खान कादरी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आला हजरत ने अपनी तहरीरों और तकरीरों के माध्यम से समाज को शिक्षा, जागरूकता और इंसानियत का संदेश दिया। उनकी प्रसिद्ध कृति ‘हदाइक-ए-बख्शिश’ का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि मानव सेवा, राष्ट्र सेवा और शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना ही सच्चा मस्लक-ए-आला हजरत है। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा और सेवा की भावना को बढ़ावा देकर ही बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सलातो-सलाम पढ़ा गया। देश, प्रदेश और कौम की सलामती एवं तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों को तबर्रुक वितरित किया गया।

इस मौके पर मदरसे के छात्रों के अलावा कारी राशिद हुसैन, शब्बू भाई, शाहनवाज बरकाती, सोशल एक्टिविस्ट अजमल हुसैन और पेंटर नौशाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!