माला कॉलोनी में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र की माला कॉलोनी में शुक्रवार रात एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। किशोरी का शव उसके घर के अंदर मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

शनिवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।मृतका की पहचान गुंजन बछार पुत्री आशुतोष बछार, उम्र करीब 16 वर्ष, निवासी माला कॉलोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे किशोरी ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी।

घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।शनिवार सुबह करीब नौ बजे मृतका के पिता आशुतोष बछार ने थाना गजरौला पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की।पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले की जांच जारी है।

किशोरी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। एस ओ गजरौला ब्रजवीर सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!