माधौटांडा क्षेत्र के महाराजपुर गांव में हादसा, 48 घंटे में दूसरी घटना से दहशत
धर्मपाल सिंह ब्यूरो रिपोर्टपीलीभीत
पीलीभीत। थाना माधौटांडा क्षेत्र के गांव महाराजपुर में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक कंक्रीट का छज्जा भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहा एक युवक मलबे में दब गया। हादसे में करीब 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि युवक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था, तभी अचानक छज्जा टूटकर नीचे आ गिरा। छज्जा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पीलीभीत जिले में पिछले 48 घंटे के भीतर निर्माणाधीन मकान का मलबा गिरने से यह दूसरी मौत बताई जा रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
हादसे के बाद महाराजपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
