पीलीभीत में संतूर वादन से बच्चों को मिला शास्त्रीय संगीत का ज्ञान

धर्मपाल सिंह, ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

पीलीभीत। SPIC MACAY के तत्वावधान में नगर के अंगूरीदेवी बालिका विद्या मंदिर में संतूर वादन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को करीब से जाना। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविख्यात संतूर वादक पंडित अभय रुस्तम सोपरी ने विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत की विधाओं जैसे जोड़, झाला और आलाप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राग भीम के माध्यम से ध्रुपद शैली को संतूर वादन के जरिए सरल तरीके से समझाया, जिसे सुनकर विद्यार्थी मंत्रमुग्ध हो गए।

इस दौरान उन्होंने संतूर पर लयकारी और गतकारी की प्रस्तुति भी दी और तीन ताल में निबद्ध एक गत सुनाकर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संगीत से जुड़े कई प्रश्न भी पूछे, जिनका पंडित सोपरी ने विस्तार से उत्तर दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या उपासना शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय संगीत से जोड़ने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम का दूसरा सत्र बेनहर पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया, जहां पंडित सोपरी ने राग गावती की प्रस्तुति दी इस मौके पर विद्यालय की फाउंडर रंजीत कौर सहमी ने कार्यक्रम की सराहना की।

इस अवसर पर स्पिक मैके के जिला संयोजक संजीव पाराशरी ने दोनों विद्यालयों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!