डॉक्टर की खाली कुर्सी मरीज बेहाल स्वास्थ्य विभाग पर उठे गंभीर सवाल

सिरौली से विशेष संवाददाता रामू कठेरिया की रिपोर्ट

जनपद बरेली के सिरौली नगर स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सवालों के घेरे में है। अस्पताल में सरकारी दवाइयों की उपलब्धता के बावजूद मरीजों को कई बार बाहर से दवाइयां खरीदकर लानी पड़ रही हैं। वहीं डॉक्टरों के समय पर न आने से मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अस्पतालों में दवाइयों की आपूर्ति भी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद मरीजों को पर्चे पर बाहर की दवाइयां लिख दी जाती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सरकारी दवाइयां अस्पताल में मौजूद हैं, तो मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है।

इस मामले को लेकर सामाजिक संगठनों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है। हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष आशीष कठेरिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की है। उनका कहना है कि अस्पताल की यह स्थिति न केवल मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

उधर इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों और मरीजों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए, डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और मरीजों को मिलने वाली सरकारी सुविधाएं वास्तव में उन्हें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!