धर्मपाल सिंह ब्यूरो रिपोर्टपीलीभीत
पूरनपुर (पीलीभीत) भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी के आह्वान पर मंगलवार को हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तहसील स्तर पर किसानों द्वारा ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। इसी क्रम में तहसील पूरनपुर क्षेत्र में भी भाकियू चढ़ूनी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ घुंघचाई चौराहे से होते हुए तहसील पूरनपुर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बाद में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने पूरनपुर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
किसानों का कहना था कि उनकी विभिन्न समस्याएं लंबे समय से लंबित पड़ी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि अमेरिका के साथ की गई कृषि संबंधी ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए, क्योंकि इससे देश के किसानों के हितों को नुकसान होने की आशंका है।

इसके साथ ही किसानों ने गेहूं खरीद सीजन को देखते हुए सरकारी खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने और इन्हें गांवों के बाहर मुख्य मार्गों पर स्थापित करने की मांग की, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों ने क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं और गोवंश की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि आवारा पशु खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है।
इसके अलावा किसानों ने सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित करने और एमएसपी को कानूनी गारंटी देने की मांग भी रखी। साथ ही किसानों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को देखते हुए नया बिजली बिल और पानी का बिल तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग भी की गई ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान और भाकियू चढ़ूनी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
