सुनगढ़ी पुलिस को जांच के निर्देश, डीवीआर जब्त होने की चर्चा
ब्यूरो रिपोर्ट पलीभीत
पीलीभीत। शहर के गांधी स्टेडियम रोड स्थित न्यू गैलेक्सी स्पा सेंटर को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (एक्स) पर की गई शिकायत वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि स्पा सेंटर में नियमों की अनदेखी कर संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
ट्विटर पर की गई इस शिकायत में प्रदेश और जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को टैग किया गया। पोस्ट के साथ साझा किए गए एक ग्राफिक में दावा किया गया कि सुनगढ़ी पुलिस ने न्यू गैलेक्सी स्पा सेंटर से डीवीआर जब्त किया है और कैमरों की रिकॉर्डिंग से कई राज खुल सकते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीलीभीत पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जवाब दिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि प्रकरण की जांच के लिए थाना सुनगढ़ी के प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद शहर में स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो सच्चाई सामने आ सकती है और नियमों के विरुद्ध संचालित संस्थानों पर कार्रवाई संभव हो सकेगी।
