सिद्धार्थनगर में गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें उपभोक्ता भरवा रहे अतिरिक्त सिलेंडर देखें

संवाददाता बृजेश कुमार पांडे की रिपोर्ट

हालांकि कुछ दिन पहले जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील करते हुए कहा था कि गैस की कोई कमी नहीं है और लोग घबराकर सिलेंडर लेने के लिए भीड़ न लगाएं। इसके बावजूद धरातल पर इस अपील का खास असर देखने को नहीं मिल रहा है और एजेंसियों पर लगातार भीड़ बनी हुई है।

बर्डपुर ब्लॉक चौराहा स्थित सिद्धार्थनगर गैस सर्विस के मैनेजर सत्येंद्र का कहना है कि जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने बताया कि एजेंसी पर प्रतिदिन एक से दो गाड़ियां गैस की आ रही हैं और जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की निगरानी में उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।

मैनेजर के अनुसार लंबी कतारों की मुख्य वजह यह है कि लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर भरवाकर घर में स्टोर करना चाह रहे हैं। कई ऐसे उपभोक्ता भी एजेंसी पहुंच रहे हैं जिन्हें तत्काल गैस की जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सिलेंडर भरवाने के लिए लाइन में लग रहे हैं।

लाइन में लगे कई उपभोक्ताओं ने भी बताया कि उन्हें बुकिंग के बाद आसानी से गैस मिल रही है। एक उपभोक्ता ने बताया कि उसने एक दिन पहले बुकिंग कराई थी और अगले ही दिन उसे सिलेंडर मिल गया। वहीं एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि उसने उसी दिन बुकिंग कराई और उसी दिन गैस मिल गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि संभावित संकट की आशंका के कारण लोग अपने घरों में अतिरिक्त सिलेंडर रखना चाहते हैं।

इधर गैस को लेकर हो रही इस भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने एक बार फिर लोगों से संयम बरतने और जरूरत के अनुसार ही गैस लेने की अपील की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण की व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जाए और कहीं भी कालाबाजारी न होने दी जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति गैस का भंडारण करता या ऊंचे दामों पर बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!