खबर का असर: सीएमओ के निर्देश पर माधोटांडा सीएचसी में एमओआईसी का छापा

धर्मपाल सिंह कि ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

पीलीभीत। माधोटांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राइवेट लड़कों से काम कराए जाने की शिकायतों को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब देखने को मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर पूरनपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) मनीष राज ने गुरुवार को माधोटांडा सीएचसी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एमओआईसी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही अस्पताल में मौजूद स्टाफ से जानकारी लेकर यह भी पता किया कि कहीं अनधिकृत लोगों से तो कार्य नहीं कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पिछले काफी समय से सीएचसी में प्राइवेट युवकों के काम करने की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ था। खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई।

एमओआईसी मनीष राज ने निरीक्षण के दौरान स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी हालत में बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति से काम न कराया जाए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह नियमित रूप से अस्पतालों का निरीक्षण होता रहे तो स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!