मिस्टर पीलीभीत के एक वीडियो से भड़का आक्रोश, सड़कों पर उतरा वाल्मीकि समाज

पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वाल्मीकि समाज को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद वाल्मीकि समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया

आरोप है कि एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, जो एक राज्यमंत्री का प्रचार करने से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘Mr. Pilibhit’ से एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें कथित रूप से वाल्मीकि समाज के लिए आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपी युवक पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में वाल्मीकि समाज के लोगों ने थाना सुनगढ़ी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और तनाव पैदा करती हैं, इसलिए आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए।

उधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!