(टीवी 1 न्यूज़ नेटवर्क)/
पीलीभीत।जनपद में सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने रविवार को माहौल गर्मा दिया। वाल्मीकि समाज के लोगों में रोष इतना बढ़ा कि सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और शहर के गैस चौराहे पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालात की नजाकत को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। बाद में पुलिस ने आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
बताया जाता है कि थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला नवाबसा निवासी वसीम रजा उर्फ ‘मिस्टर पीलीभीत’ हाल ही में जंगल सफारी के दौरान बनाए गए एक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर चर्चा में आ गया। इस वीडियो में वाल्मीकि समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, विरोध की चिंगारी भड़क उठी।

आक्रोशित लोग मोहल्ला नवाबसा स्थित वाल्मीकि मंदिर पर एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए गैस चौराहे की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के कस्बा इंचार्ज शुभम भारती और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। बाद में इंस्पेक्टर नरेश त्यागी के हस्तक्षेप और अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति काबू में आई। पुलिस ने आरोपी वसीम रजा को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।

मोहल्ला नवाबसा में एकत्र वाल्मीकि समाज के लोग
हालांकि दोपहर में गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बावजूद देर शाम वाल्मीकि समाज के लोग फिर से नवाबसा क्षेत्र में एकत्र हो गए और आरोपी को सामने लाने की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका और गिरफ्तारी की पुष्टि कर लोगों को समझाकर शांत किया।
मोहल्ला नवाबसा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर थाना सुनगढ़ी में आरोपी वसीम रजा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एहतियात के तौर पर नवाबसा समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
