पीलीभीत: मासूम से दरिंदगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने भेजा जेल

पीलीभीत। जनपद के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दो किशोरों ने एक आठ वर्षीय मासूम को रुपयों का लालच देकर गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

लालच देकर खेत में ले गए आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की शाम उसका नाबालिग पुत्र घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि पड़ोस के ही दो किशोरों ने मासूम को रुपयों का लालच देकर अपने जाल में फंसा लिया और उसे बहला-फुसलाकर पास के ही एक गन्ने के खेत में ले गए। वहाँ दोनों ने मासूम के साथ दरिंदगी की।

मासूम ने मां को सुनाई आपबीती

घटना के बाद बदहवास और सहमा हुआ मासूम किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा। बच्चे की हालत देख मां ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित की मां ने यह भी आरोप लगाया कि ये दोनों आरोपी पूर्व में भी उसके बेटे के साथ इस तरह की घिनौनी हरकत कर चुके हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया। इंस्पेक्टर संजय कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने छापेमारी कर घटना में शामिल दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिद्धू, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार और पंकज तेवतिया शामिल रहे, ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहाँ से माननीय न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!