टीवी 1 न्यूज़ नेटवर्क
नूरपुर की किशोरी को भगाकर मंदिर में रचाई शादी, फर्जी आधार कार्ड बनवाने का आरोप; बरामदगी को लेकर कोतवाली पहुंचे हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी
पीलीभीत। जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम नूरपुर की एक नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने और फर्जी दस्तावेजों के सहारे मंदिर में जबरन विवाह करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में शनिवार को हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की।
क्या है पूरा मामला
ग्राम नूरपुर, थाना जहानाबाद की रहने वाली भगवती ने कोतवाली पीलीभीत में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री अनुराधा बीते दिनों शाम 5 बजे घर से मौसी के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि किशोरी का संपर्क सुदीप नाम के युवक से था, जो कि ग्राम फुल्ला (जिला शाहजहाँपुर) का निवासी है। आरोप है कि सुदीप ने किशोरी को बहला-फुसलाकर पीलीभीत बुलाया और शनिदेव मंदिर में जबरन शादी कर ली।
साजिश के तहत बदले गए किशोरी के दस्तावेज
पीड़ित मां का आरोप है कि सुदीप ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए किशोरी का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया और उसी के आधार पर एक नया आधार कार्ड बनवा लिया। स्कूल मार्कशीट के अनुसार किशोरी की जन्मतिथि 06/04/2010 है, जो उसे महज 14 वर्ष की नाबालिग सिद्ध करती है। आरोप है कि इस पूरी साजिश में सुदीप के जीजा नारायण लाल और भांजे विमलेश ने उसका पूरा सहयोग किया।
संगठन की सक्रियता और पुलिस का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रपुर से हिंदू रक्षा दल के नगर अध्यक्ष राजा भरद्वाज अपनी टीम के साथ कोतवाली पहुंचे। दरअसल, पीड़िता का भाई बिल्लू चौधरी के ट्रांसपोर्ट पर कार्यरत है, जिसने घटना की जानकारी बिल्लू चौधरी को दी और उनके माध्यम से यह मामला संगठन तक पहुंचा। राजा भरद्वाज ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर किशोरी की अविलंब बरामदगी की मांग की है।
मुकदमा दर्ज, पर बरामदगी में देरी से रोष
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन मां का आरोप है कि पुलिस की कार्यप्रणाली सुस्त है। कोतवाली प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
