सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी, शव के शिनाख्त के प्रयास जारी
संवाददाता अजीम मिर्जा की रिपोर्ट/
पीलीभीत/ सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे लाइन किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह जब कुछ ग्रामीण रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर लाइन किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना सेहरामऊ उत्तरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक बीती रात किसी चलती ट्रेन से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों और क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
