घर में घुसकर महिला को बांधा, फिर बेखौफ चोरी की घटना को दिया अंजाम

पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम मकतूल में बेखौफ चोरों ने घर में घुसकर महिला को चारपाई से बांध दिया और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे कुछ अज्ञात चोर मकान में घुस आए। उस समय घर में मौजूद महिला को उन्होंने जबरन पकड़ लिया और चारपाई से बांध दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद चोरों ने घर में रखे दो कट्टा सरसों और करीब 10 हजार रुपये नकद समेट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं और रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अब लोगों के अपने घर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!