संवाददाता: अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

यूपी- पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम रमनगरा में रविवार शाम बाघ के हमले से हड़कंप मच गया। गांव निवासी किसान विजय राम पुत्र राम सकल अपने खेत के पास पड्डे (भैंस के बच्चे) को चरा रहे थे, तभी शाम करीब 7 बजे झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया और पड्डे को मौके पर ही मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि बाघ के हमले के बाद से लोग अपने खेतों पर जाने से डर रहे हैं और बच्चों व पशुओं को घरों में ही रखा जा रहा है।सूचना मिलने के बावजूद काफी देर तक वन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। इस संबंध में जब बधाई रेंज के रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला सामाजिक वानिकी से जुड़ा है। सामाजिक वानिकी विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद किसान को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
