राकेश साहू, न्यूज एजेंसी जांजगीर-चांपा

रायपुर/बलौदा बाजार/जांजगीर-चांपा।छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत से बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित फिल्म “दंगल द वीरनपुर” के बाद अब एक नई फिल्म “बलौदा बाजार की घटना” बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह फिल्म भी सत्य घटनाओं पर आधारित होगी।फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी ने 2 अप्रैल 2026 को विधिवत घोषणा करते हुए बताया कि जिस तरह “दंगल द वीरनपुर” को वास्तविक घटनाओं पर बनाया गया, उसी तर्ज पर अब बलौदा बाजार की चर्चित घटना को फिल्म के माध्यम से दर्शाया जाएगा। इस घोषणा के बाद सतनामी समाज सहित सर्व समाज के लोगों का समर्थन भी तेजी से मिल रहा है।निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी ने बताया कि बलौदा बाजार में 10 जून को हुई घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस मामले में 200 से अधिक लोगों को जेल जाना पड़ा और आज भी यह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इस घटना के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए संबंधित लोगों से मुलाकात भी की गई है।हेमलाल चतुर्वेदी, जो एक लोकगायक के रूप में भी पहचान रखते हैं, बेमेतरा जिले के ग्राम गर्रा के निवासी हैं। संघर्षपूर्ण जीवन के बावजूद उन्होंने अपने जुनून को बनाए रखा और समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से गीत और फिल्मों के माध्यम से लगातार प्रयासरत हैं। उनका कहना है कि समाज में होने वाली घटनाएं केवल खबर नहीं, बल्कि सीख होती हैं, जिन्हें लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।उन्होंने यह भी बताया कि बलौदा बाजार घटना के दौरान भय के माहौल में उन्होंने एक जागरूकता गीत भी प्रस्तुत किया था, जिसका उद्देश्य समाज में एकता और जागरूकता फैलाना था। अब इसी घटना को बड़े पर्दे पर लाकर एक नई सोच देने की कोशिश की जाएगी।फिल्म को लेकर फिलहाल कलाकारों के चयन, शूटिंग और अन्य प्रक्रियाएं आगे तय की जाएंगी। इस संबंध में पूछे जाने पर निर्माता ने कहा कि कलाकारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
