राष्ट्रीय मंच पर चमका पीलीभीत का सितारा: पवन कुमार को प्रधानमंत्री से संवाद का गौरव

संवाददाता:- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- जनपद पीलीभीत के तहसील कलीनगर अंतर्गत ग्राम दोदपुर खल्लपुर निवासी होनहार छात्र पवन कुमार पुत्र राम भजन ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। पवन कुमार की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास की अहम भूमिका रही है। उन्होंने प्रतिष्ठित प्रतियोगिता My Bharat Budget Quest 2026 के तीनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया।प्रथम चरण (क्विज) में उन्होंने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।द्वितीय चरण (निबंध प्रतियोगिता) में विचारों की गहराई से सभी को प्रभावित किया तृतीय चरण को भी सफलतापूर्वक पार करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई इस शानदार उपलब्धि के फलस्वरूप पवन कुमार को देश के माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi के साथ वर्चुअल संवाद का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है। वह सीधे प्रधानमंत्री से संवाद कर अपने विचार साझा करेंगे जो उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। माता रेशमा देवी, बड़े भाई तेजराम सहित समस्त परिजन इस उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। गांव और आसपास के लोग भी पवन की सफलता को अपनी उपलब्धि मानते हुए खुशी जता रहे हैं। पवन कुमार की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है। यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम दूर नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!