संवाददाता:- अरुन वर्मा के साथ धर्मपाल सिंह

पीलीभीत: कलीनगर तहसील परिसर में समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी आरती महेंद्र के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के महामहिम राज्यपाल के नाम उप जिलाधिकारी कलीनगर को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, जिन पर तत्काल ध्यान देना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा लगाए गए स्मार्ट बिजली मीटर लगातार गलत बिलिंग कर रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक शोषण का शिकार हो रही है।इसके साथ ही एलपीजी गैस की लगातार हो रही किल्लत से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, हाल ही में हुई असमय बारिश के कारण गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल सका है। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद न होने से किसान बिचौलियों के हाथों ठगे जा रहे हैं।
सपा कार्यकर्ताओं ने यह भी मुद्दा उठाया कि हरदोई ब्रांच नहर पर दागबा, चितरपुर और माधौटांडा के बीच बना पुल पिछले दो वर्षों से क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और समय व धन की बर्बादी हो रही है।कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
