संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- जिले के पूरनपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत अमरिया कला में पंचायत सचिवालय के लगातार बंद रहने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सहायक की लापरवाही के चलते सचिवालय खुल ही नहीं रहा, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है

शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पंचायत सहायक श्रीमती पुष्पा देवी नियुक्ति के बाद से नियमित रूप से सचिवालय नहीं खोल रही हैं। जबकि उन्हें हर माह मानदेय दिया जा रहा है और सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरोप है कि पंचायत सचिवालय के संचालन के लिए सरकार द्वारा लगभग 1.75 लाख रुपये की धनराशि दी गई है और हर वर्ष मरम्मत पर भी खर्च किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति शून्य बनी हुई है। सचिवालय बंद रहने के कारण न तो ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और न ही उनका समाधान हो पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सहायक से काम के लिए कहने पर वह इसे अपना कार्य न बताते हुए टाल देती हैं। मामले में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत 7 फरवरी 2026 को खंड विकास अधिकारी पूरनपुर को आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
प्रथम अपील के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार पंचायत सहायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सचिवालय नियमित रूप से खुले और जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।
