संवाददाता:- TV 1 NEWS-NETWORK

लखनऊ बड़ी खबर:- उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को लेकर बड़ा फैसला जल्द लिया जा सकता है। 26 मई को प्रदेश भर के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, लेकिन पंचायत चुनाव समय पर कराना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है।दरअसल, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन अभी तक नहीं हो पाया है और मतदाता सूची भी पूरी तरह तैयार नहीं है। ऐसे में यूपी सरकार प्रशासनिक व्यवस्था के जरिए पंचायतों का संचालन जारी रखने की तैयारी में है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार प्रशासक समिति के माध्यम से ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने का विकल्प तलाश रही है। मौजूदा नियमों के तहत कार्यकाल खत्म होने पर एडीओ पंचायत को प्रशासक बनाया जाता है, लेकिन इस बार नई व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत प्रशासक समिति बनाई जा सकती है, जिसमें ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्यों को शामिल किया जाएगा। खास बात यह है कि ग्राम प्रधान को ही समिति का अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो पहली बार ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी प्रशासक समिति को सौंपी जाएगी, जिससे स्थानीय प्रशासन में निरंतरता बनी रहेगी।अब सबकी नजर यूपी सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी है, जो जल्द सामने आ सकता है।
