चोकी के सामने से दौड़ रहे मौत के ट्रक! ओवरलोड-ओवरहाइट वाहनों पर पुलिस बेबस, हादसे का बढ़ा खतरा

संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- पूरनपुर क्षेत्र से होकर न्यूरिया थाना क्षेत्र की मझोला चौकी के सामने से उत्तराखंड की ओर जा रहे भूसी से लदे ओवरलोड और ओवरहाइट ट्रक पुलिस व परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। कप्तान की सख्ती के दावों के बावजूद स्थानीय पुलिस इन वाहनों पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम नजर आ रही है।हैरानी की बात यह है कि ये ट्रक चौकी और थानों के सामने से बेखौफ गुजर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। लगातार गुजरते इन भारी वाहनों के चलते इलाके में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां आम आदमी के छोटे-छोटे चालान करने में पुलिस फुर्ती दिखाती है, वहीं इन बड़े नियम उल्लंघनों पर जानबूझकर चुप्पी साध ली जाती है। लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।गौरतलब है कि पहले भी भूसी के ओवरलोड वाहनों को लेकर विवाद हो चुका है और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कब जागेगा प्रशासन और कब लगेगी इन ‘मौत के ट्रकों’ पर लगाम?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!