संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- माधौटांडा-पीलीभीत मार्ग पर सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के चलते रानीगंज से जमुनिया के बीच सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय अचानक मौसम खराब हुआ और तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे भी प्रभावित हुए।घटना की सूचना मिलने के बावजूद काफी देर तक कोई जिम्मेदार विभाग मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। बाद में स्थानीय लोगों ने खुद ही प्रयास कर रास्ता आंशिक रूप से खुलवाने की कोशिश की।बारिश के चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मार्ग बहाल करने और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए बेहतर इंतजाम करने की मांग की है।
