पहले प्यार, फिर ब्लैकमेल… आखिर क्यों पत्नी ने पति के साथ मिलकर कर दी प्रेमी की हत्या?

संवाददाता:- धर्मपाल सिंह, अरुन वर्मा

पीलीभीत:- माधोटांडा थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पत्नी ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। अवैध संबंध, ब्लैकमेल और बदनामी के डर ने इस रिश्ते को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया।

पुलिस के मुताबिक, बसंतपुर नैनेर निवासी गुरबाज सिंह 22 अप्रैल 2026 को घर से पूरनपुर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद 26 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उसी दिन थाना पूरनपुर क्षेत्र में एक मंदिर के पास खेत में बने खंडहर से उसका शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच तेज की। आखिरकार 6 मई को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने शुभमप्रीत कौर उर्फ गुरजीत कौर और उसके पति सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि महिला के मृतक गुरबाज सिंह से पिछले एक साल से अवैध संबंध थे। यह बात गांव में फैल गई थी, जिससे महिला पर दबाव बढ़ने लगा। महिला ने संबंध खत्म करने की कोशिश की, लेकिन गुरबाज सिंह उसे बदनाम करने और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा।इसी बात से नाराज होकर महिला ने अपने पति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।22 अप्रैल को दोनों ने गुरबाज सिंह को बहाने से खेत में बने खंडहर में बुलाया और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को वहीं छिपा दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, मृतक की चेन और लॉकेट बरामद किए हैं।

इस पूरे मामले के खुलासे में माधोटांडा थाना पुलिस की अहम भूमिका रही, जिसने सटीक जांच, तकनीकी साक्ष्य और सर्विलांस के आधार पर 14 दिन में हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।यह घटना रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अवैध संबंधों के खतरनाक परिणाम को उजागर करती है, जहां एक गलत रिश्ता और ब्लैकमेलिंग ने मिलकर एक निर्दोष की जान ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!