संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- नेपाल सीमा से अखरोट तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। एसओजी और न्यूरिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 58 पैकेटों में भरे करीब 7.60 कुंतल अखरोट बरामद किए गए हैं।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जमुनिया खास निवासी नफीस खां समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि तस्करी की यह खेप नेपाल राष्ट्र से अवैध तरीके से लाई गई थी, जिसे जिले में सप्लाई किया जाना था।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तस्करी पर पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
यह कार्रवाई शनिवार, 9 मई 2026 को पीलीभीत-टनकपुर रोड पर हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में न्यूरिया पुलिस और एसओजी टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेपाल से अवैध सामान लेकर दो कारें मझोला धनकुना की ओर जा रही हैं।
पुलिस ने भुजिया मजार के पास लिंक रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध कारों, एक ऑल्टो (UP26D3471) और एक स्विफ्ट डिजायर (UK06AX3578), को रोका। कारों की तलाशी लेने पर कुल 58 पैकेटों में भरा 760 किलोग्राम अखरोट बरामद हुआ।पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से बिना कस्टम ड्यूटी चुकाए सस्ते दामों पर अखरोट लाते थे और यहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इन कारों की नंबर प्लेट फर्जी थीं, जिन्हें पुलिस से बचने के लिए बदला जाता था। ई-चालान ऐप पर चेकिंग के दौरान इंजन और चेसिस नंबर का मिलान नंबर प्लेट से नहीं हुआ।पुलिस ने मौके से उधमसिंह नगर, उत्तराखंड निवासी गगन यादव और पीलीभीत के ग्राम जमुनिया निवासी नफीस खां को गिरफ्तार किया।
हालांकि, आरोपियों का एक साथी खटीमा, उत्तराखंड निवासी अफरोज कार से कूदकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा और एसओजी प्रभारी की टीम की मुख्य भूमिका रही।
