संवाददाता:- धर्मपाल सिंह, अरुन वर्मा

पीलीभीत:- क्षेत्र में ईंटों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अब लोगों के लिए सीधे मौत का खतरा बनती जा रही हैं। बुधवार रात खटीमा रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर फूट पड़ा कि आखिर कब तक ओवरलोड और बेलगाम वाहन लोगों की जान लेते रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक ग्राम मल्लपुर खजुरिया निवासी अंकित राठौर (21 वर्ष) अपने दोस्त दीपक के साथ पिपरिया संतोष गांव से लौट रहा था। रात करीब आठ बजे जैसे ही उनकी बाइक खटीमा रोड स्थित एक ढाबे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंद डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रॉली ओवरलोड थी और चालक बेखौफ होकर सड़क पर वाहन दौड़ा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी माधोटांडा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक की हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की फिराक में था, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि माधोटांडा और आसपास के इलाकों में ईंटों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात सड़कों पर आतंक मचाए घूम रही हैं। कई वाहन बिना नियम, बिना फिटनेस और बिना डर के सड़कों पर फर्राटा भरते हैं।
पुलिस और परिवहन विभाग की ढिलाई के चलते इन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर ओवरलोड वाहनों पर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे आगे भी मासूम जिंदगियां निगलते रहेंगे। आज एक घर का चिराग बुझा है, कल किसी और का नंबर हो सकता है।
