संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- थाना गजरौला कला क्षेत्र के ग्राम बिठौरा कलां में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। हाईवे किनारे पेट्रोल पंप के सामने स्थित एआरटीओ कार्यालय परिसर में नई पुलिस चौकी निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। कार्यक्रम सीओ सिटी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में स्थापित की जा रही यह नई चौकी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और आमजन को नजदीक पुलिस सुविधा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। हाईवे पर लगातार बढ़ते यातायात, मेडिकल कॉलेज, एआरटीओ कार्यालय और आसपास बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए लंबे समय से यहां पुलिस चौकी की मांग महसूस की जा रही थी।
नई पुलिस चौकी बनने के बाद क्षेत्र में गश्त व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चौकी निर्माण से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।
