संवाददाता:- धर्मपाल सिंह, अरुन वर्मा

पीलीभीत:- संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत उदाहरण बनकर सामने आया। गांधी स्टेडियम स्थित गांधी प्रेक्षा गृह में आयोजित इस भव्य शिविर में पीलीभीत, पूरनपुर, माधोटांडा, मटेना, लालपुर, शाहजहांपुर और उत्तराखंड से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” के संदेश के साथ 150 से अधिक युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने रक्तदान के लिए अपना पंजीकरण कराया और मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान नगर अध्यक्ष डॉक्टर आस्था अग्रवाल की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में निरंकारी मिशन के युवाओं द्वारा सामाजिक जागरूकता से जुड़ा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मिशन के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में ब्लड बैंक को इतना मजबूत बनाया जाएगा कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने मिशन के सेवा भाव और सामाजिक सहभागिता को प्रेरणादायक बताया।रक्तदान शिविर के साथ-साथ भव्य सत्संग का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंचासीन महात्माओं के विचारों को श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। संत निरंकारी मिशन द्वारा रक्तदान की यह सेवा श्रृंखला वर्ष 1980 में सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणा से शुरू हुई थी, जो आज भी पूरे विश्व में निरंतर जारी है।
पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाएं मिशन के संयोजक एवं जोनल इंचार्ज प्रतिपाल सिंह की देखरेख में संपन्न हुईं। सेवा दल विभाग की सक्रिय भूमिका कार्यक्रम में साफ दिखाई दी। क्षेत्रीय संचालक भाई रंजीत सिंह पूरे समय व्यवस्थाओं में जुटे रहे।मिशन केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सामाजिक सेवा के हर क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। मिशन का मूल संदेश “ब्रह्म की प्राप्ति, भ्रम की समाप्ति” समाज को प्रेम, सहनशीलता और भाईचारे की राह दिखाता है।कार्यक्रम में पूरनपुर से बाबूराम फौजी, पत्रकार रामनिवास कश्यप, अनुराग सक्सेना सहित कई श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया, वहीं पीलीभीत से बहन सिमरन, प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी निभाई। इस अवसर पर रामकरण राठौर, पत्रकार राजकुमार श्रीवास्तव, के.एस. पटेल, रवि कुमार, साहिbल, टेकचंद, अनिल कुमार, प्रीति गोयल, सुनीता कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
