संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत – पूरनपुर: विकासखंड की ग्राम पंचायत महाराजपुर में सरकारी ऊर्जा बचाओ अभियान अधिकारियों और पंचायत कर्मियों की लापरवाही की भेंट चढ़ता दिखाई दे रहा है। पंचायत में लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए एलईडी बल्ब दिन के उजाले में भी लगातार जलते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदारों की नजर इस फिजूलखर्ची पर नहीं पड़ रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव और कार्यवाहक प्रधान की अनदेखी के चलते बिजली की भारी बर्बादी हो रही है। खंभों पर लगे एलईडी बल्ब सुबह से शाम तक जलते रहते हैं, जिससे सरकार की ऊर्जा संरक्षण योजना पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक तरफ सरकार बिजली बचाने और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत में सरकारी धन और बिजली दोनों की खुलेआम बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
