संवाददाता:- अरुन वर्मा, धर्मपाल सिंह

पीलीभीत:- शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब बाढ़ खंड कार्यालय परिसर में नई बिल्डिंग की नींव की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर दबी एक सरकारी जीप बरामद हुई। खुदाई कर रहे मजदूरों को अचानक मिट्टी के नीचे वाहन के हिस्से दिखाई दिए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरामद जीप बेहद पुरानी और कंडम हालत में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन को शासन के नियमों के अनुसार नीलाम करने के बजाय चुपचाप जमीन में दफना दिया गया। मामले के सामने आने के बाद विभागीय कार्यशैली और पूर्व अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।लोगों का कहना है कि यदि सरकारी संपत्ति को इस तरह जमीन में दबाया गया है तो यह सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी जीप को जमीन में क्यों दबाया गया? क्या इसे रिकॉर्ड से गायब किया गया था या फिर नियमों को ताक पर रखकर मामला दबाने की कोशिश हुई?
फिलहाल विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला जांच का विषय बन चुका है।
