भूत प्रेत उतारने के बहाने धर्मांतरण का आरोप ग्रामीणों का फूटा गुस्सा 4 हिरासत में

पीलीभीत। जनपद के थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम रमपुरा फकीरे में शनिवार को कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर माहौल अचानक गर्मा गया। झाड़-फूंक और कथित चमत्कारों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत सामने आने के बाद गांव में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया तथा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

शिकायत में लखीमपुर खीरी निवासी विट्टू सनम, उसके पति विनोद पुत्र दुल्लू तथा आशीष सक्सेना समेत अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि कथित चमत्कार दिखाने और बीमारियों व पारिवारिक समस्याओं के समाधान का दावा कर लोगों का विश्वास जीता जा रहा था, जिसके बाद उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता था।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए लोगों से उनके गांव में आने के उद्देश्य, गतिविधियों और स्थानीय लोगों से संपर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित धार्मिक गतिविधियां किस स्तर पर संचालित की जा रही थीं और इनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।

वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले को संवेदनशील बताते हुए कहा है कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!